आशापुरी माताजी मंदिर में चैत्रीय नवरात्रि पर घट स्थापनाः ग्रामीण इलाकों से दर्शन करने आए श्रद्धालु, माताजी की प्रतिमा का किया खास श्रृंगार
PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल के श्री आशापुरी माताजी मंदिर में गुरुवार को चैत्रीय नवरात्रि का शुभारंभ हुआ। इस दौरान पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ घट स्थापना की गई। दोपहर को अभिजीत मुहूर्त पर विधि-विधान से घट स्थापना कर नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का आगाज किया गया।
पंडित भीमाशंकर दवे के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सामूहिक रूप से घट स्थापना सम्पन्न हुई। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं यजमान उपस्थित रहे। वेद मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की खुशहाली, समृद्धि एवं सुख-शांति की कामना की।
रंग-बिरंगे फूलों और लाइटों से मंदिर को सजाया गया
नवरात्रि के पहले दिन माताजी की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया। नवीन वस्त्रों व आभूषणों से सजी माताजी की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।घट स्थापना के बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मोदरान सहित आसपास के गांवों व दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने दर्शन कर माथा टेका। “जय माता दी” के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार नवरात्रि के दिनों में यहां दर्शन करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है, जिसके चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास सुविधाएं
नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर में दुर्गा सप्तशती पाठ, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा मोदरान क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आ रहा है।

