PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भीमाना गांव के पास तेज रफ्तार बाइक को बचाने के प्रयास में एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया था। इससे रिक्शा चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान किशोर (35) पुत्र हरा राम के रूप में हुई है। वह ऑटो रिक्शा लेकर किसी काम से जा रहा था। भीमाना गांव के पास एक मोड़ पर अचानक एक तेज रफ्तार बाइक सवार अनियंत्रित होकर ऑटो के सामने आ गया।
बाइक सवार को बचाने के लिए ऑटो ड्राइवर ने जैसे ही वाहन को साइड में मोड़ा, ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा पलटा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे युवक को बाहर निकाला।
घायल किशोर को तुरंत रोहिड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। एंबुलेंस 108 के पायलट पंकज कुमार और मेल नर्स राजेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार देते हुए उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया।
