
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में रविवार को मौसम साफ है। शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद भाद्राजून में मेवानाल झरना बह निकला। रविवार को छुट्टी के दिन बड़ी संख्या में यहां लोग पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं।
शनिवार को जिलेभर में दिन भर रुक-रुककर कहीं तेज को कहीं हल्की बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। जिले में औसत 24.2 एमएम बारिश दर्ज हुई। जालोर जिला मुख्यालय पर 24 घंटों में 22 एमएम बारिश दर्ज हुई।
सबसे अधिक बारिश सायला में 78 मिमी हुई। बागोड़ा में 55 मिमी व भाद्राजून में 30 मिमी बारिश हुई। सबसे कम जसवंतपुरा में 2 मिमी, रानीवाड़ा में 8 मिमी व सांचौर में 6 एमएम हुई।
इस जालोर में भाद्राजून में तेज बारिश के बाद बावडिया व पहाड़ों से झरने बहने लगे। जिसके बाद जालोर में दो दिन से मौसम सुहाना बना हुआ हैं। जालोर के भाद्राजून में तेज बारिश के बाद पहाड़ों का पानी मेवानाला से होते हुए तेज वेग से बहने लगा।
इस दौरान यह नाला लोगों के लिए पिकनिक पॉइंट बन गया। इस झरने में बड़ी संख्या में लोग नहाने के लिए आसपास के गांवों से पहुंचने लगे। मौसम विभाग ने आज और कल जिले में एक दो स्थानों पर हलकी बूंदाबांदी होने व अन्य स्थानों पर मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश से जालोर में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को दिन के तापमान 1.5 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 29.9 डिग्री व रात के तापमान में 2.8 डिग्री तक गिरावट होकर 25 डिग्री दर्ज किया गया हैं। शुक्रवार को दिन का तापमान 28.4 व रात का 27.8 डिग्री दर्ज किया गया।