सिर की चमड़ी समेत उखड़े महिला के बाल: आटा-चक्की में गेहूं पीस रही थी; परिजन लहूलुहान हालत में हॉस्पिटल लेकर दौड़े, रेफर
PALI SIROHI ONLINE
बांसवाडा-बांसवाड़ा जिले में बुधवार को घर में लगी आटा चक्की पर गेहूं पीसने के दौरान महिला के बाल चक्की में आ गए। मशीन की रफ्तार इतनी तेज थी कि बालों के साथ महिला के सिर की चमड़ी भी बुरी तरह खिंचकर उखड़ गई।
घटना सदर थाना क्षेत्र के सामरिया गांव में दोपहर करीब 3 बजे हुई। गंभीर घायल महिला को जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां से उदयपुर रेफर कर दिया गया।
बाल खुले हुए थे, चक्की के पट्टे में उलझे
भतीजे दर्शन कुमार ने बताया- सामरीया निवासी अनीता पत्नी प्रभु लाल भगोरा आज दोपहर को अपने घर में लगी घरेलू आटा चक्की पर गेहूं पीस रही थी। उनके बाल खुले हुए थे। इसी दौरान काम करते समय अचानक उनके सिर के बाल चक्की के पट्टे और घूमती हुई शाफ्ट के संपर्क में आ गए। मशीन रफ्तार में थी, इसके कारण बालों के साथ महिला के सिर की चमड़ी भी बुरी तरह खिंचकर उखड़ गई।
हादसे के बाद अनीता की चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए चक्की का स्विच बंद किया। चक्की का पट्टा काटकर लहूलुहान हालत में अनीता को अलग किया गया। उन्हें निजी गाड़ी से लेकर जिला महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
हॉस्पिटल की आपातकालीन इकाई में डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। सिर में गहरी चोट और काफी खून बह जाने के कारण सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। स्थिति स्थिर बताई गई है, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया।सर्जरी के लिए उदयपुर रेफर हॉस्पिटल के डिप्टी पीएमओ डॉ. दामोदर गोयल ने बताया कि महिला के सिर की चमड़ी भी पूरी उखड़ चुकी थी। हालत गंभीर थी। चमड़ी को वापस लगाया है। हालांकि प्लास्टिक सर्जरी के लिए उदयपुर रेफर किया है।

