PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के रानी कस्बे में शुक्रवार की शाम पशुपालकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
घटना बालराई में ब्यावर पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे 162 पर शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे हुई। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कड़ी मशक्कत के बाद हालातों को काबू में किया जा सका। फिलहाल शांति व्यवस्था को लेकर पशुपालकों के प्रतिनिधि मंडल से बातचीत जारी है।
गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर फेंके पत्थर
राष्ट्रीय पशुपालक संघ व डीएनटी संघर्ष समिति की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस कड़ी में शुक्रवार को बालराई गांव के पास हाईवे पर प्रदर्शनकारियों ने महापड़ाव डाल दिया।
महापड़ाव व बहिष्कार आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह देवासी के नेतृत्व में डीएनटी समाज के लोग हाईवे पर आ गए। पुलिस ने कई राउंड में उनसे समझाइश की, लेकिन बात नहीं बनी।
गुस्साए पशुपालक हाईवे पर आ गए और जाम लगा दिया। हाईवे पर लगे लंबे जाम को सुचारु करने के पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को हाईवे से खदेड़ा। वहीं जाम को देखते हुए वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है।
ASP विपिन शर्मा ने बताया- स्थिति कंट्रोल में है। पशुपालकों के प्रतिनिधि मंडल से बात चल रही है। मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात है।



