PALI SIROHI ONLINE
बाली-बाली उपखंड क्षेत्र के सादड़ी-फालना सड़क मार्ग स्थित लालराई मोड़ के पास रविवार को कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान राजेंद्र पुत्र देवाराम मेघवाल के रूप में हुई है। वह पुनाडिया मोड़ स्थित फैक्ट्री से बाइक लेकर कोट बालियान की ओर जा रहा था।
इसी दौरान सादड़ी से फालना की तरफ जा रही एक कार लालराई मोड़ के पास पहुंची। मोड़ पर दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में राजेंद्र मेघवाल को गंभीर चोटें आईं। उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। सूचना पर स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

