PALI SIROHI ONLINE
बाड़मेर-गर्लफ्रेंड से मिलने उसके घर गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के घर वालों ने ही युवक को मार डाला। उसके बाद शव घर के बाहर फेंक दिया। दोनों के बीच 10 साल से अफेयर चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को डिटेन किया है। मामला बाड़मेर के ग्रामीण इलाके के वीरमनगर चक का है।
महिला के साथ घर वालों ने देख लिया
एएसपी नाजिम अली ने बताया- घटना वीरमनगर चक धोलका गांव में बुधवार देर रात करीब 12 बजे हुई। वीरमनगर गांव निवासी इमाम खान (45) पुत्र मोहम्मद खान का गांव की ही विधवा महिला के साथ बीते 10 साल से अवैध संबंध चल रहे थे। इसको लेकर महिला के परिवार और इमाम के साथ विवाद चल रहा था। दोनों के घर में मात्र 100 मीटर का अंतर है। बुधवार रात करीब 12 बजे इमाम महिला के घर पहुंच गया। उसके परिवार के लोगों ने उसको देख लिया। महिला के घर के चार-पांच लोगों ने मिलकर इमाम पर लाठी-डंडे बरसाए। उसे इतना मारा कि वह मर गया। उसके शव को घर के बाहर छोड़कर भाग गए। महिला के पति की काफी पहले ही मौत हो चुकी है।
धारदार हथियार से भी हमले के निशान
इमाम के शव पर धारदार हथियार से भी हमले के निशान मिले हैं। इमाम के छोटे भाई इशाक ने बताया कि हमले की सूचना मिली थी। हम लोग मौके पर पहुंचे, तब तक भाई की मौत हो चुकी थी। प्राइवेट पार्ट, पैर, आंख पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पैर पर तीन-चार कट के निशान हैं। सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। 11 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट बाड़मेर ग्रामीण थाने में दी है। मेरा भाई ट्रक चलाता था। उसके 2 बेटे हैं। एक 14 साल और दूसरा 12 साल का बेटा है।