PALI SIROHI ONLINE
आहोर-आहोर के भाद्राजून थाना क्षेत्र के गोलिया गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में तनाव बढ़ गया है। परिजन और मीणा समाज के लोगों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे 325 जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद भी भीड़ नहीं मानी और सड़क पर ही डटी रही। इस बीच परिजनों ने आरोप लगाया कि धरने के समय भी आरोपी उन्हें किसी और से फोन करवा कर धमका रहा है। मारने की धमकी दे रहा है। इस बात पर भीड़ और उग्र हो गई और हत्या के मामले में देवी सिंह राजपूत और फोन करने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी को लेकर अड़ गई। भीड़ के नहीं मानने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा, जिसके बाद अब भीड़ ने उपखंड कार्यालय का घेराव कर लिया है।
मामले को लेकर दूसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। परिजनों ने भारत आदिवासी पार्टी पिण्डवाड़ा जिलाध्यक्ष और समाज के लोगों से के साथ हाईवे 325 को जाम कर दिया।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष छगन मीणा को आहोर पुलिस थाने ले गई, जिसके बाद हाईवे को सुचारु कराया गया। हालांकि, आक्रोशित लोगों ने आहोर पुलिस थाने के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को छगन मीणा को छोड़ना पड़ा।
हाईवे पर प्रदर्शन के बाद उपखंड कार्यालय का घेराव
सूचना मिलने पर भाद्राजून नायब तहसीलदार रमेश कुमार और आहोर नायब तहसीलदार मनीष जिनगर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। प्रशासन की ओर से समझाइश के बावजूद परिजन अपनी मांगों पर कायम रहे। हाईवे 325 पर धरना प्रदर्शन जारी था।
लोगों के नहीं मानने पर समझाइश के लिए पुलिस फिर छगनलाल सहित समाज के कुछ प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए थाने के अंदर ले गई। लेकिन इस बीच फिर बाहर बैठे परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी किसी और के मोबाइल से फोन करवा कर धमका रहा है। इसके बाद मामला फिर बिगड़ गया और भीड़ उग्र हो गई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिससे प्रदर्शन कर रहे लोग नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय की ओर चले गए। अब प्रदर्शनकारी और बाप जिलाध्यक्ष छगनलाल वहीं उपखंड कार्यालय का घेराव कर बैठे हैं।
इस बीच सूचना मिलने पर कांग्रेस की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सूरज चौधरी भी धरना स्थल पर पहुंची और पुलिस से गिरफ्तरी की मांग की।
मौके पर आहोर तहसीलदार लधा राम पवार ने की समझाइश परंतु अभी तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े हैं।
मौके पर एएसपी मोटाराम, डीएसपी आहोर दशरथ सिंह, भाद्राजून थानाधिकारी लालाराम और आहोर थाना प्रभारी नरपत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मुस्तैद हैं।
