PALI SIROHI ONLINE
रावणा अमृत सिंह
आहोर-आहोर के भाद्राजून थाना क्षेत्र के गोलिया गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में 5 वीं बार हुई वार्ता में पोस्टमॉर्टम की सहमति बन गई। शाम हो जाने के कारण मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
इसस पहले परिजन और मीणा समाज के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। लोगों ने इसको लेकर हाईवे 325 जाम कर दिया। इस बीच परिजनों ने आरोप लगाया कि धरने के समय भी आरोपी उन्हें किसी और से फोन करवा कर धमका रहा है। मारने की धमकी दे रहा है। इस बात पर भीड़ और उग्र हो गई।
समाज के लोग देवी सिंह राजपूत और फोन करने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी को लेकर अड़ गई।बाप पार्टी के जिलाध्यक्ष को थाने ले गई पुलिस
परिजनों ने भारत आदिवासी पार्टी पिण्डवाड़ा जिलाध्यक्ष और समाज के लोगों से के साथ हाईवे 325 को जाम लगाए रखा। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा और भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष छगन मीणा को आहोर पुलिस थाने ले गई। इससे आक्रोशित लोगों ने आहोर पुलिस थाने के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को छगन मीणा को छोड़ना पड़ा।
हाईवे पर प्रदर्शन के बाद उपखंड कार्यालय का घेराव
इस दौरान कांग्रेस की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सूरज चौधरी भी धरना स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर एएसपी मोटाराम, डीएसपी आहोर दशरथ सिंह, भाद्राजून थानाधिकारी लालाराम, नोसरा थानाधीकारी देवाराम, आहोर थाना प्रभारी नरपत सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।5 वें दौर की वार्ता में बनी, मंगलवार सुबह होगा पोस्टमॉर्टम
मामले को लेकर करीब चार बार प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। पांचवीं बार उपखंड अधिकारी कार्यालय में हुई वार्ता में एसपी मोटाराम गोदारा, डीएसपी दशरथ सिंह, तहसीलदार लधा राम पवार, भाद्राजून थानाधिकारी लालाराम और नोसरा थानाधिकारी देवाराम की मौजूदगी में परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए सहमत हो गए। देर हो जाने के कारण पोस्टमॉर्टम मंगलवार सुबह किया जाएगा।
बाप नेता छगन मीणा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद प्रशासन के समक्ष सभी मांगें रखी जाएंगी। फिलहाल धरना-प्रदर्शन जारी है।ये है पूरा मामला
रिपोर्ट के अनुसार 7 फरवरी को मृतक अशोक कुमार अपने भाई खेताराम को जेल से छुड़वाने के संबंध में पांचोटा गांव में देवी सिंह से मिलने गया था। आरोप है कि इस दौरान देवी सिंह ने अशोक कुमार के साथ गाली-गलौच और मारपीट की तथा उसे जान से मारने की धमकी दी। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी देवी सिंह लगातार मोबाइल फोन पर अशोक को धमकियां देता रहा। उसी दिन शाम को अशोक कुमार का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने शव की स्थिति को संदिग्ध बताते हुए कहा कि मृतक के पैर जमीन से टिके हुए है। मृतक की बहन बबी कुमारी के घर लौटने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें
मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा दिया जाए
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए
प्रकरण में शेष आवश्यक धाराएं जोड़ी जाएं
अब तक मीणा समाज से जुड़ी सभी हत्याओं का खुलासा किया जाए
जिन आरोपियों के नाम सामने आ रहे हैं, उनकी अवैध संपत्ति और अवैध कारोबार जब्त किया जाए



