PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड में खेलते समय कुएं में गिरने से तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बच्चे की मां कुएं के पास कपड़े धो रही थी और उनका ध्यान हट गया।
रीको पुलिस ने बताया- हादसा उपलागढ़ के चंद्रावती खेत पर हुआ। यहां एक श्रमिक परिवार रहता था। मृतक बच्चे की पहचान राकेश के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब तीन साल थी।
पिता खेत पर काम करने गया था
घटना के समय राकेश के पिता दीता राम खेत में काम करने गए हुए थे। राकेश की मां कुएं के पास कपड़े धो रही थी और बच्चा वहीं पास में खेल रहा था। कपड़े धोते समय मां का ध्यान बच्चों से हट गया, जिसके कारण राकेश खेलते-खेलते कुएं में गिर गया।
बच्चे के कुएं में गिरने का पता चलने पर मां ने चीख-पुकार मचाई। उनकी आवाज सुनकर पिता दीता राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। रीको पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।

