PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड में रमजान माह के तीसरे जुम्मे की नमाज अदा की गई। शहर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मोमिनों ने मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा की और अल्लाह से देश व अपनी खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
रमजान के तीसरे जुम्मे के अवसर पर शहर की जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, मदीना मस्जिद, मुल्तानिया मस्जिद, लुनियापुरा, आकरा भट्टा और मानपुर सहित विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ी। मावल, अम्बाजी, गिरवर, चंडेला, मुंगथला, वासड़ा, सांतपुर, सुरपगला, चनार, गणका और तलहेटी जैसे आसपास के गांवों से भी लोग सुबह से ही मस्जिदों में पहुंचने लगे थे।
दोपहर में सभी मस्जिदों में जुम्मे की नमाज के लिए लोग एकत्र हुए। जामा मस्जिद के मौलाना मेराज अहमद अशरफी ने रमजान माह का खुत्बा पढ़ा और नमाज अदा कराई। इस अवसर पर उन्होंने सभी को रमजान माह की मुबारकबाद दी और इस पाक महीने में अल्लाह की इबादत कर अपने गुनाहों से तौबा करने का आह्वान किया। नमाज के बाद अल्लाह की बारगाह में अपने और देश की खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
नमाज अदा करने के बाद मस्जिदों के बाहर मेले जैसा माहौल रहा। दूर-दराज से आए मोमिनों ने रोजा इफ्तार के लिए फल, मिठाइयां, खजूर सहित खाने-पीने के सामान की खरीदारी की।

