PALI SIROHI ONLINE
आबू रोड, सिरोही-आबू रोड शहर के लुनियापुरा डुब नगर रपट के पास बुधवार सुबह चार स्कूली बच्चों को अज्ञात लोगों द्वारा उठाने की सूचना से हड़कंप मच गया। इस खबर के फैलते ही क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और अपने बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर पुलिस की डीओ तारा शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कथित तौर पर उठाए गए बच्चों के परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ में सभी परिजनों ने बताया कि उनके बच्चे घर पर सुरक्षित हैं।
पुलिस ने उन चार छोटे बच्चों से भी बात की, जो स्कूल जा रहे थे। बच्चों ने बताया कि एक सनकी सी दिखने वाली महिला उनके पीछे पत्थर लेकर भागी थी, जिससे वे डर गए थे। इसी घटना के कारण बच्चों को उठाने की अफवाह फैल गई।
पुलिस अब उस महिला की तलाश कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस ने सभी क्षेत्रवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।

