
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड़-आबूरोड में तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन घायल हो गए। हादसा सदर थाना क्षेत्र के किवरली में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम करीब 6 बजे हुआ।
सदर थाना एएसआई फुलाराम ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने डिवाइडर की सफाई के लिए मजदूरों को नियुक्त किया था। काम खत्म होने के बाद सभी मजदूर ट्रैक्टर में सवार होकर आबूरोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
हादसे में चांदमारी निवासी अफजल खान (40) की मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हुए, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों की पहचान गांधीनगर निवासी हंसाराम, उपला भिलावा की पुष्पा देवी और लसी देवी के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। मृतक अफजल खान अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। हादसे की सूचना पर अस्पताल में मृतक और घायलों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


