PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड हाईवे पर एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक वाहनों के कबाड़ और बैटरियों से भरा था। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सर्विस रोड पर उतार दिया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है।
हाईवे पर ट्रक में आग लगने से पीछे चल रहे और दूसरी लेन पर आ रहे ट्रकों ने अपने वाहन धीमे कर दिए, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। रीको पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम करीब 20 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि यह ट्रक गुजरात से राजस्थान की ओर आ रहा था। रीको पुलिस चौकी के पास अचानक इसमें आग लग गई। ट्रक में बैटरी के साथ-साथ वाहनों का कबाड़ भरा हुआ था।
आग बुझाने के दौरान एक बार आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद आग ने फिर विकराल रूप ले लिया। गेल इंडिया और नगर पालिका की दमकलें आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। इस दौरान, नगर पालिका की दमकल का पानी खत्म होने पर उसे वापस पानी भरने जाना पड़ा। पानी भरकर दमकल दोबारा मौके पर पहुंची। ट्रक ड्राइवर और अन्य लोग ट्रक में रखे सामान को नीचे फेंकना शुरू कर दिया।

