
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड (सिरोही)-आबूरोड के सदर थाना क्षेत्र की राजहंस और वृंदावन कॉलोनी में चोरों ने दहशत फैला रखी है। पिछले 10 दिनों में कई घरों में चोरी की वारदातें हुई हैं।
राजहंस कॉलोनी में हंसाराम प्रजापत के घर से बीती रात चोरों ने परिवार के सभी मोबाइल चुरा लिए। प्रजापत छत पर सो रहे थे। रात 2 बजे तक मोबाइल मौजूद था, लेकिन सुबह 5 बजे गायब मिला।
इसी कॉलोनी में मंजीत सिंह के घर से चोर कीमती सामान ले गए। चोरी में दो सोने की अंगूठी, चांदी के सिक्के, 50-60 कंबल, कैमरा, मोबाइल, बर्तन और गैस सिलेंडर शामिल हैं। क्षेत्र के खेतों को भी निशाना बनाया गया। एक खेत से सौंफ की 12 बोरियां और दूसरे से गेहूं की एक दर्जन बोरियां चोरी हुईं।
चोरों ने कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर उनका मोबाइल छीन लिया। एक घर में मुख्य दरवाजा तोड़कर घुसे और बेड व बिस्तर को आग लगा दी। राहगीरों से भी मोबाइल छीनने की घटनाएं सामने आई हैं।
स्थानीय लोगों के विरोध के बाद सदर थाना पुलिस शुक्रवार दोपहर को मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।


