चनार में भरा भैरुजी गैर मेलाः श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के निकट चनार गांव में पारंपरिक भैरूजी गैर मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में आसपास के गांवों के साथ-साथ गुजरात और राजस्थान के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र में शांति की कामना की।
मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा। युवतियों और महिलाओं ने पारंपरिक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए। आदिवासी युवतियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में समूह नृत्य कर राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाया।
आदिवासी विकास समिति ने मेले में आए श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के लिए मेले में कई प्रकार के खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए थे।
मेले की व्यवस्थाएं ग्रामीणों, आयोजन समिति और आदिवासी विकास सेवा समिति के सहयोग से सुचारु रूप से संचालित की गईं। उपस्थित लोगों ने ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक मेलों को क्षेत्र की परंपराओं को जीवित रखने तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।

