PALI SIROHI ONLINE
आबू रोड, सिरोही-आबू रोड शहर के पास बनास नदी पर स्थित किवरली पुल पर जीर्णोद्धार का काम शुरू हो गया है। पुल के सभी 30 बेयरिंग बदले जाएंगे, जिसके कारण 13 फरवरी से अगले 10 दिनों के लिए इस पर आवागमन बंद कर दिया गया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने यह निर्णय पुल के करीब 25 साल पुराने बेयरिंग खराब होने के बाद लिया है।
शनिवार को अधीक्षण अभियंता सिरोही रमेश चंद्र राणा और अधिशासी अभियंता आबू रोड रमेश कुमार सहित अन्यअधिकारी तथा संबंधित एजेंसी के तकनीकी कर्मचारी मौके पर बेयरिंग बदलने का काम कर रहे थे।
15 लाख की लागत से होगा मरम्मत कार्य
अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र राणा ने बताया- इस पुल का निर्माण विश्व बैंक की सहायता से पिंडवाड़ा से माउंट आबू तक राजमार्ग के निर्माण के समय 1993 में किया गया था। अधिशासी अभियंता रमेश कुमार ने जानकारी दी कि कोलोसल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा पुल के सभी 30 बेयरिंग बदले जाएंगे, जिस पर करीब 15 लाख रुपए की लागत आएगी।
10 दिन के लिए बंद रहेगा पुल
पुल पर मरम्मत कार्य के कारण 13 फरवरी से 10 दिन के लिए आवागमन बंद रहेगा। सिरोही की ओर जाने वाले वाहन अब तलेटी से भीमा पटेल मुदरला (काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर) होते हुए कासीन्द्रा से भुजेला एनएच-27 का उपयोग कर सकेंगे।
इसी प्रकार, सिरोही से आबू रोड या माउंट आबू आने वाले वाहनों के लिए हनुमान टेकरी से तरतोली साईं बाबा मंदिर मार्ग खुला रहेगा। विभाग ने आम जन और यात्रियों से इन वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का आग्रह किया है।

