• April 5, 2026

आबूरोड-हाईवे पर शराब की दुकान में लगी आगः शटर तोड़कर निकाले सिलेंडर, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

PALI SIROHI ONLINE

आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के मावल हाईवे पर स्थित एक शराब की दुकान में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान में रखे दो एलपीजी सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाले गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना रविवार सुबह करीब 6 बजे की है। फायर ब्रिगेड प्रभारी जसवंत कुमार को मावल हाईवे स्थित शराब की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दुकान में आग लगी हुई थी और अंदर दो एलपीजी गैस सिलेंडर रखे थे।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले गैस सिलेंडरों को दुकान से बाहर निकाला। इसके बाद, उन्होंने दुकान के शटर तोड़कर अंदर लगी आग को बुझाना शुरू किया। मावल चौकी के एएसआई भवानी सिंह, प्रकाश कुमार, नेनाराम और प्रवीण सिंह सहित पुलिस स्टाफ भी मौके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड की टीम को सहयोग दिया।

इस आगजनी में दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के अभियान में फायरकर्मी गौतम बंजारा, कमलेश मारू, किशन बंजारा, मोहम्मद यूनुस और नवीन कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

About The Author

You cannot copy content of this page