PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में यूआईटी एवं पालिका क्षेत्र में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। यह कार्रवाई यूआईटी सचिव एवं नगर पालिका प्रशासक डॉ. अंशु प्रिया के निर्देश पर की गई, जिसका उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को दूर करना था।
पक्के अतिक्रमण हटाने के लिए कहा
अभियान के दौरान, यूआईटी और पालिका के कर्मचारियों ने दुकानदारों को शहर के मुख्य रास्तों की सीमा से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी। उन्हें अपने स्तर पर पक्के निर्माणों को हटाने के लिए कहा गया। प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो पालिका और न्यास द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई शहर के मानपुर, आकरा भट्टा सहित पालिका क्षेत्र और नगर सुधार न्यास की सीमा में तलेटी तक के मुख्य मार्गों के किनारे स्थित स्थायी अतिक्रमणों को हटाने के लिए की गई। कर्मचारियों ने सड़क किनारे पड़े होर्डिंग और अन्य सामान को हटाया।
पेनल्टी लगाकर राशि वसूली
अतिक्रमण करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पेनल्टी लगाई गई और उसकी राशि भी वसूल की गई। प्रशासन ने एक बार फिर चेतावनी दी कि यदि पक्के निर्माण स्वयं नहीं हटाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार भंवर सिंह देवड़ा, भू अभिलेख निरीक्षक रामा राम, नगर पालिका स्वास्थ्य निरीक्षक परवीन राजपुरोहित, जमादार अशोक मीणा, अमित और दिलीप सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

