PALI SIROHI ONLINE
आबू रोड अंबाजी मार्ग पर राजस्थान सीमा की छापरी चौकी पुलिस ने गत रात्रि एक ट्रैवल बस से भारी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ने बस से 104 पेटी अवैध शराब बरामद की। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
राजस्थान से गुजरात जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार, एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात करीब 3 बजे राजस्थान से गुजरात की ओर जा रही इस बस को जांच के लिए रोका गया था। तलाशी के दौरान बस की आखिरी सीटों के नीचे एक गुप्त तहखाना बनाकर शराब छिपाई गई थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अर्जुन और गौतम के रूप में हुई है। इसके अतिरिक्त, दो अन्य संदिग्धों को भी पूछताछ के लिए रोका गया है। इस दौरान थाना अधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत, मेहुल मोरेशा, चौपा राम, शंभू सिंह और मीठालाल सहित पुलिस जाब्ता मौके पर मौजूद रहा।

