PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
आहोर। प्रतापगढ़ के गोलिया गांव निवासी अशोक कुमार की मौत के मामले में 85 घंटे बाद गतिरोध समाप्त हो गया। परिजन आखिरकार पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हो गए। चौथे दिन आहोर में समाज के 10 प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लंबी वार्ता की। इस बातचीत के बाद ही पोस्टमॉर्टम को लेकर सहमति बन पाई।
वार्ता में जालोर के एडिशनल एसपी मोटाराम गोदारा, आहोर के डीएसपी दशरथ सिंह, उपखंड अधिकारी रोहित चौहान और थानाधिकारी रामेश्वर लाल भाटी शामिल थे। समाज के प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और अन्य मांगों को उठाया।
अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम की अनुमति दी। डॉ. पूरणमल मुणोत ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

निष्पक्ष जांच का आश्वासन देने पर माने परिजन
डीएसपी दशरथ सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के आश्वासन के बाद ही परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे जाम मामले में 15 गिरफ्तार
मंगलवार को नेशनल हाईवे-325 (सांडेराव-बाड़मेर मार्ग) पर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को सभी आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश कर पुनः : राजकार्य में बाधा पहुंचाने के प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में बाप नेता छगन मीणा भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा।
मॉच्र्युरी के बाहर जुटा रहा समाज
घटनाक्रम के दौरान मोर्चरी के बाहर परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों के साथ गोलिया गांव के लिए रवाना किया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। इस पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं समाज के लोगों ने भी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखकर प्रशासन के साथ सहयोग का संदेश दिया है।

