PALI SIROHI ONLINE
अजमेर-अजमेर जिले में जन्मदिन मनाकर लौट रही युवती और उसके दो क्लासमेट की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक और दोनों युवती बाइक से आ रहे थे। हाईवे पर स्कॉर्पियो ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक और दोनों युवतियां उछल कर सड़क पर गिर गईं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को भिनाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मॉच्र्युरी में रखवा दिया।
घटना भिनाय थाना क्षेत्र के बांदनवाड़ा खेड़ी पंप के पास शुक्रवार शाम 4 बजे की है। मृतकों की पहचान झड़वासा निवासी सम्राट नायक (35) पुत्र बंशीलाल नायक, किटाप निवासी शिवानी तिवाड़ी (25) पुत्री महावीर तिवाड़ी और अर्चना (20) पुत्री महावीर जांगिड़ के रूप में हुई है।
बांदनवाड़ा की तरफ जा रहे थे बाइक सवार
बांदनवाड़ा चौकी प्रभारी मनोहरसिंह ने बताया- बांदनवाड़ा चौकी प्रभारी मनोहर सिंह ने बताया कि सम्राट नायक, शिवानी तिवाड़ी और अर्चना जांगिड़ बांदनवाड़ा लाइब्रेरी में पढ़ने आए थे। शिवानी का बर्थडे था तो तीनों कुछ दूर स्थित होटल पर खाना खाने गए। खाना खाकर घर जाते समय हादसा हो गया।
शिवानी चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। वह कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद स्कॉर्पियो कार का ड्राइवर फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।

