आहोर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्करः दुजाना जा रहे दो युवक घायल, कार ड्राइवर को हिरासत में लिया
PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/अमृत सिंह रावणा
आहोर-आहोर में बुधवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। यह घटना भैसवाड़ा स्थित भीमराम अंबेडकर आवासीय विद्यालय के सामने हुई। घायल युवकों की पहचान दुजाना निवासी हीरालाल सुथार और महेंद्र व्यास के रूप में हुई है। वे जालोर से अपने गांव दुजाना की ओर जा रहे थे।जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने स्पीड ब्रेकर के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्विफ्ट कार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। सड़क पर बिना स्पष्ट संकेत के बने स्पीड ब्रेकर के कारण कार का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे बाइक से जा टकराई।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स के अनुसार, दोनों की हालत सामान्य है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर आहोर थाना प्रभारी नरपत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्विफ्ट कार ड्राइवर हरीश मीणा, निवासी सांकरणा, को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि चालक नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

