PALI SIROHI ONLINE
को-ऑपरेटिव बैंक में शासन सचिव ने ली बैठकः जन औषधि केंद्र के लिए दुकानें आवंटित करने के दिए निर्देश
सिरोही-सिरोही सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक (सीसीबी) के प्रधान कार्यालय में शासन सचिव सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग और बैंक अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में सीसीबी सिरोही की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें सीआरएआर, व्यवसाय विविधीकरण, ऋण वसूली, ऋण वितरण, अमानत संग्रहण, गोदाम निर्माण की प्रगति और उनके उपयोग को सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। पैक्स कंप्यूटराइजेशन की प्रगति का भी आकलन किया गया।
डॉ. शर्मा ने जिले की अन्य सहकारी संस्थाओं जैसे भूमि विकास बैंक, उपभोक्ता भंडार और मार्केटिंग सोसाइटियों की प्रगति और कार्यकलापों की भी समीक्षा की। उन्होंने इन संस्थाओं को अपनी प्रगति में लगातार वृद्धि करने के लिए प्रोत्साहित किया।
शर्मा ने सिरोही कलेक्टर को निर्देश दिए कि सिरोही जिला चिकित्सालय परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र संचालित करने के लिए दो दुकानें आवंटित की जाएं।


