PALI SIROHI ONLINE
पिण्डवाड़ा | सिरोही-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम ट्रक चालक से लूट और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित चीरालाल गुर्जर की शिकायत पर पिंडवाड़ा थाने में लूट, मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार अजमेर जिले के बडकचियावास निवासी चीरालाल गुर्जर ट्रक में इंगोट लेकर सिरोही से अहमदाबाद जा रहे थे।
वीरवाड़ा के पास एक काली कार ने पीछा कर रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक आगे निकल गया। आरोप है कि शाम करीब 4:15 बजे पथिक होटल के पास कुछ लोग पत्थर और लाठियां लेकर सड़क पर खड़े थे। ट्रक रुकते ही बदमाशों ने शीशे और लाइटें तोड़ीं, केबिन में घुसकर चालक से मारपीट की और डीजल के लिए रखे 20 हजार रुपये लूट लिए। शोर होने पर आरोपी कार से फरार हो गए। पीड़ित ने 1.20 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।


