PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आबूरोड से फलोदी जा रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ओम भोजनालय के पास आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे उदयपुर भेजा गया। घायलों में दो छात्राएं भी शामिल हैं, जो सिरोही में परीक्षा देने जा रही थीं। हादसे के कारण वे परीक्षा के लिए समय पर नहीं पहुंच पाईं।
यात्रियों ने बस ड्राइवर की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया है। सूचना मिलने पर स्वरूपगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारु किया गया।


