PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के बजट में करोड़ों रुपए के कथित घोटाले का मामला सामने आया है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री की शिकायत पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय जयपुर ने सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी, डिप्टी सीएमएचओ सत्यप्रकाश शर्मा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।शिकायत में एनएचएम बजट में वित्तीय अनियमितताओं, टेंडर प्रक्रियाओं में हेरफेर, अनावश्यक खरीददारी, मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना में मरीजों की जांच न होने और प्रशासनिक पदों के दुरुपयोग जैसे आरोप लगाए गए हैं। इसमें जनस्वास्थ्य के प्रति लापरवाही का भी उल्लेख है।
एसीबी मुख्यालय जयपुर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए परिवाद दर्ज किया है। एसीबी ने प्रमुख सचिव, चिकित्सा विभाग, जयपुर को पत्र भेजकर इस मामले में उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
रोहित खत्री ने इस संबंध में जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर को भी शिकायत दी थी। कलेक्टर ने एनएचएम बजट में कथित घोटाले और आमजन को योजनाओं का लाभ न मिलने के आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित की है, जिसने जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव को भी शिकायत भेजी गई है, जिसकी जांच भी जारी है।
अभी तक किसी भी स्तर की जांच पूरी नहीं हुई है। मीडिया प्रभारी खत्री ने बताया कि डॉ. दिनेश खराड़ी और डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा की भूमिका और कार्यशैली पर संदेह है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन अधिकारियों पर पहले भी भ्रष्टाचार, संदिग्ध खरीद प्रक्रियाओं, टेंडर अनियमितताओं और विभागीय संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप लगते रहे हैं।
विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता समूहों ने भी इन अधिकारियों पर झोलाछाप चिकित्सकों और मिलावटी खाद्य व्यापारियों से कथित मासिक अवैध वसूली तथा जिलास्तरीय अधिकारियों को आवंटित वाहनों के व्यक्तिगत कार्यों में उपयोग का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रभावशाली पदों के कारण अब तक कोई निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई थी।
व्यक्तिगत लाभ के लिए अधिकारियों को टारगेट करने का आरोप
वहीं, सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने कहा- रोहित खत्री ने मेरे और डिप्टी सीएमएचओ के खिलाफ पिछले एक साल में कई शिकायत की हैं। हर बार जांच में सही पाए जाने पर वह किसी अन्य अधिकारी को शिकायत तोड़ मरोड़ कर करता है। ये व्यक्तिगत लाभ के लिए अधिकारियों को टारगेट करता है। मेरा सरकार से निवेदन है रोहित खत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।

