PALI SIROHI ONLINE
नटवर मेवाडा
पाली-सांडेराव में गंदगी और जाम नालियों से ग्रामीण परेशान
सुमेरपुर पंचायत समिति की सांडेराव ग्राम पंचायत में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और बुनियादी सुविधाओं का बुरा हाल है। गांव में नालियां कचरे और काले गंदे पानी से लबालब भरी हुई हैं, जिससे चारों तरफ बदबू फैल रही है और गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच गुरुवार को इन समस्याओं के समाधान के लिए होने वाली पूर्व निर्धारित विशेष ग्राम सभा भी बिना किसी सूचना के रद्द कर दी गई, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीण हीराराम देवासी, चंद्र प्रकाश, शंकरसिंह चायवाले, प्रकाश पुरोहित का कहना है कि वे गांव की बदहाल सफाई व्यवस्था और जाम नालियों की शिकायत लेकर पंचायत भवन पहुंचे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं आया। बिना प्रशासनिक सूचना के बैठक निरस्त होने से पट्टा वितरण, बजट और सफाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे अधर में लटक गए हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सुमेरपुर विकास अधिकारी से इस लापरवाही की जांच करने और जल्द नई बैठक बुलाकर गांव की बदहाल नालियों को साफ करवाने की मांग की है।



