PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
पाली-पाली से रामदेवरा दर्शन के लिए निकले पांच युक्कों की सड़क दुर्घटना में शनिवार को मंडला में मौत हो गई। रामदेवरा दर्शन कर लौट रहे युवकों की कार की निजी बस से आमने-सामने टक्कर हो गई। रविवार शाम जब चार युवकों के शव बापूनगर पहुंचे तो पूरे गांव में शोक छा गया। कई घरों में चूल्हे नहीं जले, अधिकांश दुकानें बंद रहीं और लोग शवों के इंतजार में रास्तों की ओर नजरें लगाए बैठे रहे।
यह घटना सुमेरपुर क्षेत्र के बापूनगर की है।
शाम तक शवों का इंतजार करता रहा गांव
रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बापूनगर में चारों ओर सन्नाटा पसरा हुआ था। गली-मोहल्लों और चौपालों पर लोग खामोश बैठे थे। अधिकांश दुकानें बंद थीं। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। हर किसी की नजर शव लेकर आने वाली एंबुलेंस पर टिकी हुई थी।
शाम करीब छह बजे पहली एंबुलेंस गोविंद कुमार पुत्र हीराराम का शव लेकर गांव पहुंची। शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। करीब 20 मिनट बाद उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई।
दूसरी एंबुलेंस से पहुंचे तीन युवकों के शव
शाम 6:54 बजे दूसरी एंबुलेंस प्रकाश कुमार पुत्र नरसाराम, अशोकराम पुत्र बाबूलाल और दलपत कुमार पुत्र मोहनलाल के शव लेकर पहुंची। तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। अशोक कुमार पुत्र शिवलाल का शव पोसालिया ले जाया गया। अशोक, गोविंद का साला था।
बाद में बापूनगर श्मशान घाट में चारों का अंतिम संस्कार किया गया।
मंडला कला के पास बस और कार की हुई टक्कर
दरअसल, फलोदी जिले में मंडला कला गांव के पास शनिवार शाम 7:45 बजे निजी बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
देचू सरकारी हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को जोधपुर रेफर किया गया था।
फलोदी थाना प्रभारी भंवराराम ने बताया कि कार देचू से रामदेवरा की ओर से सुमेरपुर लौट रही थी, जबकि निजी बस रामदेवरा से देचू की तरफ आ रही थी। 85 मील फाटा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। कार में सवार सभी लोग पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के निवासी थे और रामदेवरा में दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। लौटतेसमय यह हादसा हो गया।
हादसे में दलपत कुमार निवासी बापू नगर सुमेरपुर, अशोक राम पुत्र बाबूलाल निवासी बापू नगर पालड़ी जोड़ सुमेरपुर, प्रकाश (28) पुत्र नरसा राम निवासी बापू नगर पालड़ी सुमेरपुर तथा एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
वहीं गोविंद पुत्र हीराराम निवासी बापू नगर पालड़ी जोड़ सुमेरपुर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिनकी जोधपुर के एमडीएम हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रामदेवरा जाने का कार्यक्रम था
ग्रामीणों के अनुसार पांचों युवक शनिवार को पहले मुंडारा माताजी के दर्शन के लिए निकले थे। गोविंद और अशोकराम पड़ोसी थे। गोविंद अपने साले अशोक कुमार को भी साथ ले गया था। इसके बाद सभी ने रामदेवरा जाने का कार्यक्रम बनाया।
रास्ते में उन्होंने ओम बन्ना के दर्शन किए और फोटो भी खिंचवाई। रामदेवरा पहुंचने से पहले ही हादसे में उनकी जान चली गई।परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
गोविंद के एक छोटा बच्चा है और उसकी पत्नी गर्भवती है। अशोकराम के दो बच्चे हैं। दलपत के भी एक बच्चा है। प्रकाश और अशोक अविवाहित थे।
अशोकराम पालड़ी जोड़ में मोटर वाइंडिंग की दुकान चलाता था। गोविंद और दलपत खेती तथा ट्रैक्टर संचालन का काम करते थे। प्रकाश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था, जबकि अशोक एक वर्कशॉप में काम करता था।


