थुर गांव की महिला की कुएं में गिरने से मौत
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के रामसीन थाना क्षेत्र के थूर गांव में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे घर के पास बने कुएं में गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि महिला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और अंधेरा होने के कारण वह हादसे का शिकार हो गई।
रामसीन थाने के एएसआई लादाराम ने बताया- मृतका के बेटे विक्रम चौधरी ने थाने में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, उसकी मां सुमटी देवी (70) पत्नी जेपाराम चौधरी, पिछले दस सालों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं, जिनका इलाज भी जारी था।
शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे सुमटी देवी अचानक बिस्तर से उठीं और अंधेरे के कारण घर के पास ही बने कुएं में जा गिरीं। कुएं से आवाज आने पर परिवार के लोग तुरंत जागे, तब जाकर घटना का पता चला। परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी।सूचना पर रामसीन थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोर और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। सिविल डिफेंस टीम के प्रभारी राजेंद्र कुमार सोनी के नेतृत्व में टीम सदस्य हर्षण कुमार, मदन लाल, छगन लाल, शांति लाल, गोपा राम, दिनेश कुमार और ड्राइवर सोहेल खान ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सुबह लगभग 11 बजे महिला के शव को कुएं से बाहर निकाला जा सका।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
कुएं से बाहर निकालने तक महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी।
