रिटायर्ड ASP दशरथसिंह ने फंदा लगा किया सुसाइड: बीमारी से डिप्रेशन में थे, कुछ दिन पहले नए मकान में हुए थे शिफ्ट
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर/जोधपुर में रिटायर्ड अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मंडोर थाना क्षेत्र स्थित लालसागर इलाके में गुरुवार दोपहर को दशरथसिंह चारण ने बीमारी से परेशान होकर फंदा लगा लिया। वे मूल रूप से नागौर जिले के सुरपुरा निवासी थे। करीब दो साल पहले पुलिस सेवा से रिटायर्ड हुए थे।
दशरथसिंह चारण ने हाल ही जोधपुर के लालसागर इलाके में घर बनाया था। लगभग एक सप्ताह पहले ही पत्नी के साथ यहां शिफ्ट हुए थे।
वहीं पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। सुसाइड के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।
मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया- परिजनों के अनुसार दशरथसिंह एक साल से बीमारी से ग्रस्त थे। इससे वे डिप्रेशन में रहते थे। घटना के समय दशरथसिंह की पत्नी किसी रिश्तेदार के गई थीं। जब वे वापस आई तो उन्हें घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने भाई को सूचना दी। परिजनों ने दशरथसिंह को फंदे से उतारा और इलाज के लिए पावटा अस्पताल ले गए। जांच के बाद डॉक्टरों ने दशरथसिंह को मृत घोषित कर दिया।
एएसआई बंशीलाल मौके पर पहुंचे और शव को एमजीएच मॉर्च्यूरी में शिफ्ट कराया। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर बॉडी परिजनों को सौंप दी है।
कुछ समय से मानसिक रूप से थे परेशान
समाज के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार- दशरथसिंह कुछ सालों से जयपुर में ही रह रहे थे। जोधपुर के लालसागर इलाके में बनाए घर में दशरथसिंह एक सप्ताह पहले ही पत्नी के साथ शिफ्ट हुए थे। बताया जा रहा है कि दशरथसिंह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे। हालांकि इसका कारण अभी सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार- उनका बेटा अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता है। वहीं दशरथसिंह का ससुराल जोधपुर जिले के मथानिया कस्बे में है। पुलिस अब परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
एक साल से अवसाद में थेः थानाधिकारी
मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया- दशरथसिंह करीब दो साल पहले पुलिस सेवा से रिटायर हुए थे। पहले ये जयपुर के सोडाला क्षेत्र में रहते थे। जोधपुर के लालसागर क्षेत्र में 4-5 दिन पहले ही नए घर में रहने लगे थे। इनके परिजनों से हुई बातचीत में पता चला है कि करीब सालभर पहले बीमारी से ग्रस्त थे। इसी वजह से वे डिप्रेशन में रहते थे। आज दिन में करीब 3-4 बजे घर पर अकेले थे। इनकी पत्नी पड़ोस में गई थीं। इस दौरान उन्होंने सुसाइड कर लिया। एमजीएच में शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

