• May 28, 2026

आसाराम, एम्स में हुआ भर्तीः शाम को जेल में कर सकता है सरेंडर, एयरपोर्ट पर समर्थकों की लगी भीड़

PALI SIROHI ONLINE

जोधपुर-राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले के बाद आसाराम जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंचकर सरेंडर कर सकता है। वह जोधपुर पहुंच चुका है। आसाराम के आने की सूचना पर जोधपुर एयरपोर्ट पर उसके समर्थकों की भीड़ लग गई। आसाराम ने भी गाड़ी से समर्थकों को आशीर्वाद दिया।

आसाराम एयरपोर्ट से सीधे पाल गांव स्थित अपने आश्रम पहुंचा है। वहां से एम्स में जाकर भर्ती हो गया। गुरुवार शाम पांच बजे से पहले आसाराम जोधपुर जेल में सरेंडर कर सकता है।

दरअसल, बुधवार को हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ ने नाबालिग से रेप के मामले में आसाराम की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखते हुए अंतरिम जमानत रद्द कर दी थी। कोर्ट की ओर से तत्काल गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश के बाद आसाराम बुधवार देर शाम ही हरिद्वार से दिल्ली के लिए रवाना हो गया था।

हरिद्वार से जोधपुर तक का घटनाक्रम

हाईकोर्ट की खंडपीठ ने जब आसाराम की अपील खारिज करते हुए उसकी अंतरिम जमानत को रद्द किया, उस समय वह उत्तराखंड के हरिद्वार में था।

कोर्ट का फैसला आने और तत्काल गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी मिलने के बाद आसाराम सड़क मार्ग से हरिद्वार से दिल्ली के लिए रवाना हो गया था।

आसाराम समर्थकों का दावा है कि सड़क मार्ग से सफर के चलते तबीयत बिगड़ गई थी। इसी वजह से दिल्ली एम्स में भर्ती हो गया।

सूत्रों की मानें तो आसाराम पक्ष की कोशिश यही थी कि सरेंडर नहीं करना पड़े और सुप्रीम कोर्ट में अपील होने तक मेडिकल ग्राउंड का बहाना बना ले लेकिन कानूनी जानकारों से राय मशवरा करने के बाद यह विचार त्याग दिया गया।

You cannot copy content of this page