• May 28, 2026

पाली-परिजनों ने किया शव उठाने से इंकारः बोले-मृतका के परिवार को मुआवजा दो, अकाल मौत का जिम्मेदार ट्रेक्टर ड्राइवर है

PALI SIROHI ONLINE

पाली-पाली के बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर गुरुवार को मृतका लता के परिजन और समाज के लोग धरने पर बैठ गए। वे हादसे में ट्रेक्टर ड्राइवर की गलती बताते हुए मृतका के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी उनसे समझाइश में जुटे है।

बता दे कि बुधवार शाम को पाली शहर के सुमेरपुर रोड बांडी नदी की रपट पर स्कूटी को ट्रेक्टर से टक्कर मार दी थी। इस दुखद हादसे में गुंदोज गांव की रहने वाली 34 साल की लता (34) पत्नी जोगेंद्र जीनगर को मौत हो गई। वही पाली की रूणेचा कॉलोनी निवासी ज्योति (19) पुत्री राजाराम और राजाराम (48) पुत्र मानाराम घायल हो गए थे। जिनका उपचार बांगड़ हॉस्पिटल में जारी है।

कॉस्मेटिक आइटम बनाने की फैक्ट्री में करती थी काम

मृतका लता और घायल ज्योति अणुव्रत नगर एरिया में कॉस्मेटिक आइटम बनाने की फैक्ट्री में काम करती थी। बुधवार शाम को ज्योति के पिता स्कूटी लेकर अपनी बेटी (ज्योति) को लेने आए थे। इस दौरान उन्होंने लता को भी अपने साथ स्कूटी पर बैठा लिया। लेकिन बांडी नदी रपट पर हादसा हो गया।

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका लता कॉस्मेटिक फैक्ट्री में काम करती थी और उसके पति जोगेंद्र पाली में ही एक जनरल स्टोर पर काम करते है। लता के 14 साल का बेटा भावेश और 12 साल का बेटा सुरेश है। इस हादसे में दो मासूमों के सिर से मां का साया उठ गया।

You cannot copy content of this page