• May 28, 2026

सुमेरपूर-विभिन्न गाँवों की ओर से शहर में आने जाने वाली मुख्य सड़क पिछले कई दिनों से बंद, लोग हो रहे परेशान

PALI SIROHI ONLINE

खीमाराम मेवाडा

सुमेरपूर शहर के एसडीएम कार्यालय और विभिन्न गाँवों की ओर से शहर में आने जाने वाली मुख्य सड़क पिछले कई दिनों से बंद होने के कारण नगरवासियों और आसपास के ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।

गौरतलब है कि होटल मानसरोवर तिराहे के पास नाला मरम्मत के नाम पर बंद किया गया यह मुख्य मार्ग उपखंड एवं तहसील कार्यालय सहित पुराड़ा, भारूंदा, नोवी और आगे जालोर सिरोही जिलों के गांवों में जाता है एवं हाईवे रोड़ से भी जुड़ता है। ऐसे में नगरवासियों और आसपास के ग्रामीणों को मजबूरन ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे से होकर आना जाना पड़ रहा है।

इस बारे में अधिकारियों को भी कई बार अवगत करवाया लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मरम्मत स्थल पर बेरिकेटिंग होने के बावजूद दुपहिया वाहन चालक शोर्ट कट से निकलने के कारण हर समय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

मरम्मत कार्य के कारण संजय नगर की तरफ जाने वाली पेयजल पाइप लाइन भी लंबे समय से अवरूद्ध है। साथ ही पेयजल की पाइप लाइन टूटने से सीवरेज का गंदा पानी पेयजल में शामिल होने का अंदेशा है। मरम्मत कार्य के चलते तहसील चौराहे से मानसरोवर होटल तक स्थित दूकानदारों व मिस्त्रियों के व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

इस समस्या के मद्देनजर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष करण सिंह मेड़तिया और जिला महासचिव जाफर सिलावट, महेश परिहार, नगर संगठन महासचिव सन्तोक सिंह सोलंकी, महासचिव बरकत अली और रुपाराम मीणा ने मरम्मत कार्य स्थल का मौका मुआयना किया। इस दौरान वहाँ से गुजरने वाले राहगीरों ने भी रोष व्यक्त किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर इस समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो जन आंदोलन किया जाएगा।

You cannot copy content of this page