बाली-चलती ट्रेन से गिरा युवक,गंभीर हालत में रेफर, बिरोलिया के पास की घटना
PALI SIROHI ONLINE
बाली। बिरोलिया रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरने से एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल व्यक्ति की मदद करते हुए घटना की सूचना प्रशासन व 108 एम्बुलेंस सेवा को दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश निवासी पप्पू सिंह (50) ट्रेन में सफर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सफर के दौरान वह ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े। ट्रेन की गति तेज होने के कारण गिरने से उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई और वह लहूलुहान अवस्था में रेलवे ट्रैक के पास पड़े रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को संभाला। सूचना पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा प्राथमिक सहायता देते हुए घायल को बाली के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटें होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें पाली रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ और ट्रेन की रफ्तार अधिक होने से व्यक्ति दूर जा गिरा। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों ने भी हादसे पर चिंता जताई और यात्रियों से चलती ट्रेन में दरवाजे के पास खड़े नहीं रहने की अपील की।
फिलहाल घायल पप्पू सिंह का पाली में उपचार जारी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

