आबू रोड में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 10 घायलःमांगलिक कार्य में जा रहे थे लोग, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबू रोड में एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 10 से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना कुई संगना रोड पर एक तीखे मोड़ पर हुई। घायलों को सरकारी अस्पताल आकरा भट्टा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।
अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर
जानकारी के अनुसार, देवल से आबूरोड के निचलागढ़ की ओर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने घायलों की चीख-पुकार सुनकर उन्हें वाहनों से उप जिला अस्पताल आकरा भट्टा पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया
अस्पताल प्रभारी डॉ. पीएन गुप्ता ने बताया कि करीब 10 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। बाद में, सभी घायलों को तलती स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
विधायक ने हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
ट्रॉमा सेंटर में विधायक समाराम गरासिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बातचीत कर घायलों की हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और उनके इलाज में सहयोग किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चढ़ाई पर स्थित विकट मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक असंतुलित हो गया और उसकी ट्रॉली का हुक टूट गया, जिससे ट्रॉली पलट गई। चूंकि ट्रैक्टर चढ़ाई पर था, उसकी गति कम थी, जिससे हादसे में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ और घायलों की स्थिति गंभीर होने से बच गई।
घायलों में पूजा गरासिया पुत्री खूसाराम, नवली गरासिया पुत्री वागा राम, शारदा देवी पत्नी सोधरी देवी, नरेश वजकी पत्नी धर्माराम, शारदा गरासिया पत्नी नाथा, कांता पत्नी जोगाराम, जोमी पत्नी भरताराम और सोधरी देवी पत्नी नरेश शामिल हैं। इन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

