सांडेराव- कार ने कॉन्स्टेबल को मारी टक्कर, गंभीर घायलः ओवरस्पीडिंग में आ रही थी, बिरामी टोल के पास की घटना
PALI SIROHI ONLINE
नटवर मेवाडा/खीमाराम मेवाडा
पाली-पाली जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में एनएच-62 पर ओवर स्पीड कार को रोकने के दौरान एक कॉन्स्टेबल को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसा 19 मई की शाम बिरामी टोल के पास हुआ। टक्कर लगने से कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह उछलकर नीचे गिर गए और उनके सिर, कमर, हाथ-पैर व रीड की हड्डी में गंभीर चोट आई। उन्हें पहले पाली के बांगड़ हॉस्पिटल और बाद में जोधपुर रेफर किया गया, जहां निजी हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन हुआ। मामले में कार ड्राइवर के खिलाफ सांडेराव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।ओवरस्पीड कार को रोकने का किया था इशारा
मामले को लेकर 21 मई को सांडेराव थाने में एएसआई जोगेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि 19 मई की शाम कांस्टेबल महेंद्रसिंह, अवतारराम और कांस्टेबल ड्राइवर राजूसिंह ऑफलाइन इंटरसेप्टर गाड़ी के साथ एनएच-62 सुमेरपुर रोड पर बिरामी टोल के पास ओवर स्पीड वाहनों के चालान की कार्रवाई कर रहे थे।
शाम करीब 5:26 बजे गुजरात नंबर की एक सफेद कार 108 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आती कैमरे में दिखाई दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कार को रोकने का इशारा किया।
स्पीड कम कर अचानक तेज की कार
एएसआई जोगेंद्र कुमार ने बताया कि चालक ने पहले कार की स्पीड कम कर दी थी। ऐसा लगा कि वह वाहन रोक देगा, लेकिन पुलिसकर्मियों के पास पहुंचते ही उसने अचानक कार तेज कर दी और कांस्टेबल महेंद्रसिंह को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही कांस्टेबल महेंद्रसिंह उछलकर नीचे गिर गए, जबकि कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे में उनके पैर के अंगूठे और एड़ी में फ्रैक्चर हुआ। सिर में चोट लगने से तीन टांके आए। इसके अलावा रीड की हड्डी में गंभीर चोट आई।पहले पाली फिर जोधपुर रेफर किया गया
हादसे के बाद घायल कांस्टेबल को एम्बुलेंस से पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया।
यातायात प्रभारी सुमेरदान चारण ने बताया कि कांस्टेबल महेंद्रसिंह की रीड की हड्डी के एल-3 हिस्से में क्रेक आया था। इसके चलते जोधपुर के निजी हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन करवाया गया। फिलहाल पुलिस फरार कार ड्राइवर की तलाश कर रही है।
