PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर शहर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जालोर के सरकारी अस्पताल में रखवाया। साथ ही पीहर पक्ष को सूचना दी।
उनके आने पर शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। घटना शहर के लाल पोल क्षेत्र स्थित वागेश्वर महादेव मंदिर के पास एक मकान में शनिवार की शाम को हुई।जानकारी के अनुसार- रानी परवीन (25) पत्नी सद्दाम खान शनिवार की शाम को अपने ही घर के कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली। औरंगाबाद (बिहार) निवासी रानी परवीन की शादी करीब 4 साल पूर्व सद्दाम खान पुत्र शेख मुख्तियार के साथ हुई थी, दोनो घर में ही परिवार से अलग एक कमरे में रहते थे। दंपती की एक तीन साल की बेटी भी है, जो घटना के समय कमरे में ही मौजूद थी।
पति सदाम खान ने बताया कि वह जालोर में रिलायंस कंपनी की गाड़ी चलाता हैं। शाम करीब 5 बजे भोजन करने के लिए घर आया तो उसकी पत्नी कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर जालोर के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
सूचना पर सीओ गौतम जैन, थानाधिकारी देवेन्द्र कछवाह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। महिला के पीहर पक्ष को सूचना दी गई, उनके आने पर शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
डीएसपी गौतम जैन ने बताया कि कमरे में शव फंदे से लटका हुआ था। फिलहाल सभी एंगल से जांच की जा रही है।


