बड़गांव में दुकान से सोने की अंगूठी चुराते गिरफ्तारः दिनदहाड़े वारदात करने वाली गैंग का सदस्य रंगे हाथ पकड़ा गया
PALI SIROHI ONLINE
बड़गांव-बडगाम में दिनदहाड़े दुकानों से चोरी करने वाले एक गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को एक किराना दुकान से सोने की अंगूठी चुराते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। यह गिरोह दुकानदारों को बातों में उलझाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 13 मई 2026 को हुई। आरोपी पहले बडगाम में एक ज्वेलर्स की दुकान में घुसे और खरीदारी का बहाना बनाया। जब उन्हें चोरी का मौका नहीं मिला,तो वे पास की एक किराना दुकान में चले गए। वहां उन्होंने 30 रुपये का साबुन खरीदा और 500 रुपये का नोट दिया। दुकानदार जब खुले पैसे लेने गया, तो एक आरोपी ने काउंटर से 3.5 ग्राम सोने की अंगूठी चुरा ली।
दुकानदार की नजर काउंटर पर पड़ी और अंगूठी गायब देखकर उसने तुरंत शोर मचाया। बाजार में मौजूद लोगों ने चोर का पीछा किया और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मोटरसाइकिल पर फरार हो गया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर अंगूठी बरामद की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के कोटा निवासी हैदर अली पुत्र मिर्जा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह पिछले कई सालों से बडगाम में सक्रिय था और 7-8 ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका था। वे बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे और खरीदारी के बहाने दुकानदारों को बातों में उलझाकर काउंटर से नकदी या सामान चुरा लेते थे। सीसीटीवी फुटेज में भी उनकी हरकतें कैद हुई थीं, लेकिन वे पहले पकड़े नहीं गए थे। 15 अप्रैल 2026 को भी उन्होंने एक ज्वेलर्स की दुकान से 50-60 ग्राम गहने चुराए थे। इससे पहले भी उन्होंने छह दुकानों से दिनदहाड़े नकदी चुराई थी।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मध्य प्रदेश का है और इसमेंआमतौर पर 1-2 सदस्य शामिल होते हैं, जो मोटरसाइकिल पर घूमकर दिनदहाड़े बाजारों में वारदातें करते हैं। वे रास्ते में अकेले युवकों को भी निशाना बनाते थे। पुलिस फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

