• May 15, 2026

पानी मे डूबने से तीन सगी बहनो की मौतः एक दूसरे को बचाने की कोशिश में डूब गई, जेसीबी से डिग्गी तोड़कर निकाला

PALI SIROHI ONLINE

पानी मे डूबने से तीन सगी बहनो की मौतः एक दूसरे को बचाने की कोशिश में डूब गई, जेसीबी से डिग्गी तोड़कर निकाला

बीकानेर-बीकानेर में गुरुवार शाम 7 बजे खेत की डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों धापू, अन्नू और सुशीला की मौत हो गई। तीनों बहनें खेत में काम करने और पशुओं को पानी पिलाने के लिए गई थी, जहां एक बहन को बचाने के प्रयास में बाकी दो बहनें भी डिग्गी में उतर गईं और सभी डूब गईं। घटना की जानकारी मिलने पर देर शाम तक तीनों के शव डिग्गी से निकाले गए और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम होना है। पुलिस के अनुसार लड़कियां गुरुवार दोपहर से लापता थीं और देर शाम शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक फैल गया।

यह मामला बीकानेर के बज्जू क्षेत्र के ग्राम पंचायत ग्रान्धी की रोही का है।खेत में काम और पशुओं को पानी पिलाने गई थीं बहनें

मृतक बहनों की पहचान 23 साल की धापू पत्नी सुरजाराम, 18 साल की अनु और 17 साल की सुशीला के रूप में हुई है। तीनों बहनें बज्जू उपखंड मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर नख्तबन्ना सब माइनर की टेल पर परिवार के साथ रहती थीं। वहीं उनके पिता किसान खेताराम मेघवाल का खेत है और पूरा परिवार खेती-बाड़ी कर गुजर-बसर करता है। परिवार में कुल सात बहनें और एक भाई हैं। इनमें से 3 बहनों की शादी हो चुकी है। एक साथ तीन बेटियों की मौत सेपरिवार पूरी तरह टूट गया।

गुरुवार दोपहर धापू, सुशीला और अनु पड़ोसी पुनाराम मेघवाल की डिग्गी पर खेत में काम करने, पशुओं को पानी पिलाने और कपड़े धोने गई थीं। घर से निकलते समय उन्होंने परिजनों को बताया था कि काम खत्म होने के बाद वे रिश्तेदार की ढाणी भी जाएंगी।

काफी देर तक तीनों बहनें वापस नहीं लौटीं तो पिता खेताराम मेघवाल को चिंता हुई। उन्होंने रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन वहां से पता चला कि बहनें ढाणी तक पहुंची ही नहीं थीं। इसके बाद परिजन डिग्गी के पास पहुंचे। वहां हालात देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई।

जेसीबी और तैराकों की मदद से चला रेस्क्यू

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय तैराकों को डिग्गी में उतारा गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद दो बहनों के शव बाहर निकाल लिए। तीसरी बहन का शव काफी देर तक नहीं मिलने पर पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलाकर डिग्गी को तुड़वाया। इसके बाद तीसरे शव को भी बाहर निकाला गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी और जनप्रतिनिधिघटना की सूचना पर कोलायत वृत्ताधिकारी संग्राम सिंह और बज्जू थानाधिकारी जगदीश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सरपंच रामेश्वर सुथार, पंचायत समिति सदस्य रामकुमार गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने कार्रवाई के बाद तीनों शवों को बज्जू उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पूरे इलाके में पसरा मातम

एक ही परिवार की तीन बेटियों की मौत की खबर से ग्रान्धी सहित आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। देर शाम तक ग्रामीण अस्पताल और घटनास्थल पर जुटे रहे। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

You cannot copy content of this page