कार की टक्कर से बाइक सवार अब्बू सिंह पुत्र दौलत सिंह की घटनास्थल पर हुई मौत
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर मौके से भाग निकला। मृतक युवक की 5 महीने पहले ही शादी हुई थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।हादसा सुबह 10:15 बजे मारूवास के पास मोडी तुला रोड पर आपनणा जी बावजी मंदिर के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, राठौड़ों का गुड़ा, छिपाला का रहने वाला अंबू सिंह (25) पुत्र दौलत सिंह राजपूत बाइक से तुला की ओर से अपने गांव लौट रहा था।इस दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अंबू सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर गोगुंदा थाने के एएसआई हरि सिंह मौके पर पहुंचे।
वहीं 108 एंबुलेंस के पायलट सोहन सिंह राजपूत और ईएमटी महेश भी मौके पर पहुंचे और युवक को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोपहर बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, अंबू सिंह की शादी दिसंबर माह में हुई थी। शादी के महज पांच महीने बाद हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, लोगों की भीड़ घर पर जमा हो गई।

