• May 12, 2026

आबुरोड-150 पेटी अवैध शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तारः ग्रेनाइट स्लैब के बीच छिपाकर ले जा रहे थे शराब, रीको पुलिस ने की कार्रवाई

PALI SIROHI ONLINE

आबूरोड, सिरोही-रीको पुलिस ने मावल चौकी पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 150 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मावल चौकी पर वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान आबू रोड की ओर से आ रहे एक मिनी ट्रक को रोका गया। जांच करने पर ट्रक में ग्रेनाइट के स्लैब के बीच गुप्त कंपार्टमेंट बनाकर शराब छुपाई गई थी। पुलिस ने मिनी ट्रक से 150 कार्टून अवैध शराब जब्त की।

पुलिस ने बाड़मेर जिले के कपूरड़ी थाना क्षेत्र निवासी दिलीप चौधरी पुत्र लाखाराम को गिरफ्तार किया है।

ग्रेनाइट स्लैब्स के बीच छिपाई

तस्करों ने शराब छिपाने के लिए एक नया तरीका अपनाया था। उन्होंने मिनी ट्रक में ग्रेनाइट के स्लैब या पत्थर की पट्टियों में कंपार्टमेंट बनाए थे। इन कंपार्टमेंट्स के ऊपर भी ग्रेनाइट की पट्टियां लगाई गई थीं, जिससे ऊपर से देखने पर केवल पत्थर ही दिखाई दें।

पुलिस ने जब पट्टियों को हटाना शुरू किया, तो दोनों तरफ बने गुप्त स्थानों से 150 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

You cannot copy content of this page