सिरोही-नशे में धुत टैंकर ड्राइवर ने किया हंगामाः मातर माता रोड पर लगातार हॉर्न बजाने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार, वाहन जब्त
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के मातर माता रोड पर एक टैंकर ड्राइवर ने नशे की हालत में उपद्रव किया। इंडिया ऑयल से भरा टैंकर सुरक्षा बाउंड्री के पास खड़ा कर ड्राइवर लगातार हॉर्न बजा रहा था, जिससे आसपास के लोगों में कौतूहल फैल गया।
यह घटना ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के मातर माता रोड पर हुई। टैंकर का ड्राइवर तेज आवाज में लगातार हॉर्न बजा रहा था, जिससे वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों के ड्राइवर और राहगीर रुक गए। लोगों ने पास जाकर देखा तो ड्राइवर शराब के नशे में धुत होकर केबिन में बैठा था।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
ड्राइवर से पूछताछ के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में ज्वलनशील पदार्थ से भरा टैंकर चलाना अत्यंत खतरनाक है। ड्राइवर के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
