मंत्री ओटाराम देवासी बोले- हर पात्र तक पहुंचेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-राज्यमंत्री ओटाराम देवासी गुरुवार को जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने ग्राम रथ अभियान के तहत ऊड, पाडीव, गोयली, बाल्दा में एलईडी वैन के पहुंचने पर हुए कार्यक्रम में भाग लिया। देवासी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार हर पात्र तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। आमजन की परिवेदनाओं का निस्तारण भी किया जा रहा है। देवासी ने कहा कि ग्राम रथों को प्रदेश के हर गांव तक पहुंचाना अभिनव प्रयास है। रथों से योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
रथों में सुझाव पेटिका रखी गई है। इससे आमजन की समस्याएं, सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचेंगे। ग्राम रथ अभियान से जुड़े 13 विभागों की प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। एलईडी वैन से ऑडियो-वीडियो माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, प्रधान हंसमुख कुमार ने कहा कि अधिकारी हर पात्र तक राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं।

