सुमेरपूर से निकला ट्रक पलटा, जाखानगर का ड्राइवर चोटिल खलाशी सुरक्षित
PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
पाली-पाली में मंगलवार को हाईवे पर किसान केसरी पेट्रोल पंप से कुछ आगे एक बड़ा हादसा हो गया। कार को बचाने के प्रयास में पशुआहार से भरा ट्रक सड़क किनारे दीवार से टकराकर पलट गया। हादसे के दौरान ड्राइवर और उसमें सवार हमाल ने कूदकर अपनी जान बचाई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक के दोनों अगले चक्के निकलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
ड्राइवर बोला- तेज रफ्तार कार ने अचानक काटा रास्ता
हादसे में चोटिल ट्रक ड्राइवर सुमेरपुर के जाखा नगर निवासी सुरेश पुत्र वीराराम ने बताया कि वह सुमेरपुर से पशुआहार के कट्टे भरकर सोजत सप्लाई करने जा रहा था। उसके साथ एक हमाल भी था। पाली-सोजत हाईवे पर किसान केसरी पेट्रोल पंप से कुछ आगे पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार कार चालक ने अचानक कट मार दिया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकराकर पलट गया।
सड़क पर बिखरे पशुआहार के कट्टे, बड़ा हादसा टला
सुरेश ने बताया कि गनीमत रही कि उसने और हमाल ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, वरना ट्रक के नीचे दब सकते थे। हादसे में ट्रक के अगले दोनों पहिए निकलकर दूर जा गिरे और पशुआहार के कट्टे सड़क पर बिखर गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर सड़क पर बिखरे सामान को किनारे करवाया।
