कार पलटने से भजन गायक धनराज जोशी की मौतः बेटा और उनके साथी भी साथ थे
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में सड़क हादसे में मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक की मौत हो गई। वे भजन संध्या में शामिल होकर बेटे और अपने साथियों के साथ वापस लौट रहे थे। रास्ते में बैलेंस बिगड़ने पर कार पलट गई और भजन गायक की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर घायल है।
बेटा और अन्य लोग हादसे से पहले उदयपुर में किसी काम से कार से उतर गए थे। हादसा डबोक थाना क्षेत्र में नेशनलहाईवे-27 पर आज सुबह करीब 5 बजे का है।
भजन संध्या से अपने गांव लौट रहे थे
थानाधिकारी गोपाल नाथ ने बताया कि हादसे में भजन गायक धनराज जोशी की मौत हुई है। वे चित्तौड़गढ़ के बड़वाई के रहने वाले थे। वहीं ड्राइवर राजेंद्र सोनेरी घायल है। थानाधिकारी ने बताया कि भजन गायक हल्दीघाटी स्थित सैमन गांव में भजन संध्या में गए थे।
बेटे और अन्य साथियों के साथ गुरुवार रात वापस बड़वाई अपने घर लौट रहे थे। उनका बेटा और उनके साथी उदयपुर में काम होने पर कार से उतर गए।
दरोली गांव और एयरपोर्ट के बीच नेशनल हाईवे-27 पर कार का बैलेंस बिगड़ गया। कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।भजन और कॉमेडी शैली के लिए जाने जाते थे
हादसे में भजन गायक और ड्राइवर दोनों गंभीर घायल हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों की सूचना पर डबोक पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को डबोक हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने भजन गायक को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर का इलाज जारी है।
बता दें कि धनराज जोशी मेवाड़ और मारवाड़ क्षेत्र में भजनों और अपनी कॉमेडी शैली के लिए बेहद लोकप्रिय थे। उन्होंने अपनी आवाज और प्रस्तुति से लोगों के दिलों में जगह बनाई थी।सोशल मीडिया पर कई फॉलोअर्स
भजन गायक धनराज के इंस्टाग्राम पर 3.79 लाख फॉलोवर हैं। वे कक्षा 8वीं तक पढ़े हैं। स्कूल में पहली बार फर्स्ट क्लास में स्टेज पर गाने की परफोर्मेंस दी थी। उनके नाना-नानी और मां भोली बाई भी भजन गायक थे। चार बहनों में धनराज इकलौते भाई थे। बहनें भी भजन गीत गाती थीं लेकिन इतनी प्रसिद्धी धनराज जोशी को ही मिल पाई। इनके दो बेटे गणपत व सोनू और और एक बेटी किरण है।
