• May 1, 2026

जालोर-ग्रेनाइट स्लरी ले जाते ट्रकों पर वसूली के लिए हमलाः ड्राइवरों को पीटा, कांच फोड़े; ट्रांसपोर्टर्स ने खड़े कर दिए 500 से ज्यादा ट्रक

PALI SIROHI ONLINE

जालोर-जालोर से ग्रेनाइट स्लरी लेकर मोरबी जा रहे ट्रकों में तोड़फोड़ और ड्राइवरों के साथ मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना बुधवार रात हुई थी। गुरुवार को ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल का ऐलान कर दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष शैतान सिंह ने कहा-हमला अवैध वसूली को लेकर किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध वसूली खत्म होने तक एसोसिएशन के 500 ट्रकों का संचालन नहीं होगा।

बता दें कि गुरुवार को घटना के विरोध में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और ड्राइवरों ने जालोर-बागरा मार्ग पर थर्ड फेस में जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक जाम लगाया गया। इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी।क्या हुआ था बुधवार रात ?

बुधवार रात जालोर से ग्रेनाइट की स्लरी लेकर गुजरात के मोरबी जा रहे ट्रकों को कुछ लोगों ने आगे कारें लगाकर रोक लिया। इसके बाद ड्राइवरों पर एसोसिएशन की 800 रुपए की रसीद (पर्ची) कटवाने का दबाव बनाने लगे। ड्राइवरों ने रसीद लेने से मना किया तो बदमाशों ने सरियों और लाठियों से हमला कर दिया।

ड्राइवरों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने दो-तीन ट्रकों को शीशे फोड़ दिए। अचानक हुए हमले से ड्राइवर घबरा गए और जान बचाकर भागे।

अवैध वसूली पर कोर्ट से है रोक

ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष शैतान सिंह ने बताया- जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने स्लरी पर लिए जाने वाले शुल्क को अवैध घोषित कर रोक लगाई है। इसके बाद कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे और एडीएम राजेश मेवाड़ा ने भी स्पष्ट आदेश जारी किए थे कि अगले आदेश तक कोई शुल्क नहीं वसूला जाए।

इसके बावजूद एसोसिएशन की ओर से नियुक्त लोग जबरन वसूली कर रहे हैं।

500 ट्रकों की हड़ताल, ठप हुआ कारोबार

गुरुवार को आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध वसूली पर पूरी तरह पाबंदी लगाने की मांग करते हुए कहा गया कि जालोर में करीब 500 से अधिक ट्रकों का संचालन बंद रहेगा। इस हड़ताल से ग्रेनाइट उद्योग और परिवहन व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है। पुलिस फिलहाल पीड़ितों की रिपोर्ट पर मामले की जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page