स्कूटी सवार डॉक्टर सांड से टकराई, गले में सींग घुसा, मौतः ज्यादा खून बहने से बच नहीं सकीं; गली में अंधेरा होने से हुआ हादसा
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर के करवड़ थाना इलाके में हादसे में आयुर्वेद हॉस्पिटल की एक होम्योपैथिक डॉक्टर की मौत हो गई। यह हादसा रविवार रात करीब 8:15 बजे हुआ। डॉक्टर इंडिया डागोर (25) पुत्री विजेंद्र सिंह जोधपुर शहर से स्कूटी पर सवार होकर कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान टूट की बाड़ी के पास सड़क पर अंधेरे में खड़े सांड को डॉक्टर इंडिया देख नहीं पाई और उससे जा टकराई।
इस दौरान सांड का एक सींग उनके गले के पास लगा। इसकी वजह से वे घायल हो गईं। इसके बाद उन्हें पहले श्रीराम हॉस्पिटल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बॉडी को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। वहीं मृतका के परिजनों को सूचना दी गई।ज्यादा खून बहने से हुई मौत
करवड़ थाने के जांच अधिकारी बंशीलाल ने बताया- डॉ. इंडिया डागोर के सांड से टकराने के कारण गले में सींग घुस गया था। इससे खून ज्यादा बह गया था। अस्पताल लाने से पहले उनकी मौत हो गई।2 साल से कर रही काम
करवड़ पुलिस के अनुसार इंडिया डागोर (25) हिंडौन सिटी की रहने वाली थी। वह करीब 2 वर्षों से आयुर्वेद कॉलेज में होम्योपैथिक डॉक्टर के तौर काम कर रही थी। वह संविदा पर लगी हुई थीं। घटना के दिन वह जोधपुर में गई थीं। वहां से वापस कॉलेज की तरफ लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। मृतका ने हेलमेट भी लगा रखा था। अचानक हादसे की वजह से सींग उसके गर्दन में घुस गया। इससे उनकी मौत हो गई।

