जोजावर-कार की चपेट में आए युवक ने तोड़ा दमः मां-बेटी का अस्पताल में इलाज
PALI SIROHI ONLINE
आऊवा -जोजावर पुलिस चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में 22 वर्षीय मनीष चौधरी की जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य दो घायलों, मनीष की मासी संतोष और उसकी तीन वर्षीय बेटी गुड्डी का बांगड़ अस्पताल में इलाज जारी है।
यह हादसा शुक्रवार रात आऊवा के निकट गुड़ा मोकमसिंह और एचपीसीएल के बीच हुआ। एक कार की चपेट में आने से बाइक पर सवार कादु निवासी मनीष चौधरी (22), गुड़ा केशरसिंह निवासी संतोष (30) और उसकी बेटी गुड्डी (3) घायल हो गए। मनीष अपनी मासी संतोष और उसकी बेटी को बाइक से उनके गांव ले जा रहा था।
राहगीरों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा जोजावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत और सिर में चोटों को देखते हुए, तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था।
जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया।

