पाली में जिंदा जले रिटायर्ड टीचर: शॉप में लगी आग कमरे तक पहुंची, धुएं में बेहोश होने से बेड पर ही सोते रह गए
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में शनिवार देर रात एक जनरल स्टोर में लगी आग ऊपर बने कमरे तक पहुंच गई। कमरे में सो रहे रिटायर्ड टीचर की जिंदा जलने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मॉच्र्युरी में शिफ्ट करवाया।
कोतवाली थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया – शनिवार रात करीब 2.15 बजे होमगार्ड जवान ने सूचना दी कि भैरूघाट स्थित अमित जनरल स्टोर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान से उठी आग ऊपर कमरे तक पहुंची
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात कारणों से दुकान में आग लगी, जो धीरे-धीरे ऊपर बने कमरे तक पहुंच गई।
कमरे में सो रहे रिटायरर्ड टीचर राजेंद्र कुमार शर्मा (65) पुत्र जीवनदास आग के धुएं से बेहोश हो गए और बेड पर ही सोते रह गए। बाद में आग की चपेट में आने से वे बुरी तरह झुलस गए।
दमकलकर्मियों ने जब तक आग बुझाकर रेस्क्यू किया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आग लगने के दौरान सुरक्षा के लिहाज से इलाके की बिजली भी बंद करवाई गई थी।
दूसरे कमरे में सोने से बचा परिवार
घटना के समय मृतक का बेटा अमित अपनी पत्नी और बच्चे के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। आग उस कमरे तक नहीं पहुंची, जिससे वे समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि इस दौरान अमित हल्का झुलस गया।
दुकान और कमरे का सामान जलकर राख
आग की घटना में जनरल स्टोर में रखा सामान, कमरे में रखी अलमारी, बेड सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

